Wednesday, February 16, 2011

वेलेनटाइन डे के है रूप अनेक

ऐसा नहीं है कि 14 फरवरी को ही प्रेम दिवस के रूप में मनाया जाता है। विश्व के अलग-अलग भागों में फरवरी के अलग-अलग तारीखों के प्रेम दिवस के रूप में मनाया जाता है। कहीं इसे ड्रैगोबेटे के तौर पर मनाया जाता है तो कहीं सिपंदरमजगन के रूप में। यही नहीं कहीं-कहीं तो इसे अलग अलग महीनों की अलग-अलग तारीखों में भी मनाया जाता है। भारतीय संस्कृति में वसंतोत्सव ही प्रेमोत्सव हैं। फरवरी और मार्च का पूरा महीना ही भारतीय वसंतोत्सव रूप में मनाते हैं। इस समय प्रकृति भी मानो प्रेममय हो जाती है और रंग-बिरंगे फूलों के रूप में अपने प्रेम का इजहार करती है। कहते हैं इस दिन प्रेम के देवता कामदेव अपने पुष्प बाणों से प्रेमियों को घायल करते हैं। भारतीय संस्कृति में प्रेम को पवित्र माना गया है और यही कारण है कि इस पर्व के साथ पवित्रता का भाव भी समाहित है। फनलैंड का फ्रेंडस डे वैसे तो फ्रैंडशिफ डे अगस्त के पहले रविवार को मनाया जाता है पर फनलैंड में वेलेंटाइन डे के दिन को फ्रेंड्स डे के रूप में मनाया जाता है। इस दिन यहां प्रेमी या प्रेयसी के बजाय मित्रों को याद किया जाता है। स्लोवेनिया का फारमर डे स्लोवेनिया में एक कहावत है कि सेंट वेलेंटाइन जड़ों की कुंजियां लाते हैं इसलिए 14 फरवरी को पौधे और फूल उगना शुरू करते हैं। वेलेंटाइन डे के अवसर पर यहां खेतों में काम की शुरुआत का मुहूर्त किया जाता है और इसे इसी रूप में मनाया भी जाता है। स्लोवेनिया में यह भी विश्वास है कि पक्षियां इसी दिन आपस में प्रणय निवेदन और शादी भी करती हैं। रोमानिया का ड्रैगोबेटे रोमानिया में प्रेमियों का परंपरागत पर्व है ड्रैगोबेटे, जो 24 फरवरी को मनाया जाता है। इसका नामकरण रोमानियाई लोकगीतों के एक लोकप्रिय पात्र के आधार पर किया गया है। माना जाता है कि ड्रैगोबेटे बाबा डोकिया का पुत्र था। उसके नाम के पहले शब्द ड्रैग का अर्थ रोमानियाई भाषा में प्रिय होता है और ड्रैगोस्ट का अर्थ वहां है प्रेम। भले ही हाल के वर्षो में वहां वेलेंटाइन डे मनाने की शुरुआत हो गई है पर इसके साथ-साथ ड्रैगोबेटे भी वहां के एक परंपरागत पर्व के रूप में मनाया जाता है। भारत की तरह परंपरावादी लोग वहां भी वेलेंटाइन डे को पश्चिम से आयातित, अंधविश्वास को बढ़ावा देनेवाला पर्व मानते हैं और उसका उग्र विरोध भी करते हैं। इजरायल का हैग हाहावा यहूदी परंपरा के अनुसार अव तू बाव महीने (जो आम तौर पर अगस्त में होता है) की 15वीं तिथि को हैग हाहावा पर्व मनाया जाता है। यह उनकी परंपरा के तहत प्रेम का पर्व है। इस अवसर पर लड़कियां सफेद कपड़े पहन कर अंगूर के बागान में नृत्य करती हैं और लडक़ों से अपने प्रेम का इडहार करती हैं। आधुनिक इजरायली संस्कृति में इसे प्रेम की अभिव्यक्ति करने और विवाह के प्रस्ताव भेजने के लिए जाना जाता है। इस अवसर पर प्रेमी जोड़ें फूलों, कार्ड्स और उपहारों का आदान-प्रदान भी करते हैं। ईरान का सिपंदरमजगन ईरान की पर्शियन संस्कृति में एक पर्व है सिपंदरमजगन। प्रेम के प्रतीक पर्व के रूप में मान्य यह त्योहार यहां जलाली कैलेंडर के अनुसार बहमन महीने की 29 तारीख को मनाया जाता है। ग्रेगेरियन कैलेंडर के अनुसार यह तारीख सामान्यतया 17 फरवरी होती है। यह पर्व यहां 20वीं शताब्दी ईसा पूर्व से मनाया जा रहा है। ब्राजील का नैमोराडॉस ब्राजील में एक पर्व मनाया जाता है डिया डॉस नैमोराडॉस। इसका अर्थ है प्रणय दिवस। नए संदर्भो में इसे ब्वॉय फ्रेंड्स या गर्लफ्रेंड्स डे के तौर पर भी मनाते हैं। 12 जून को मनाए जाने वाले इस पर्व के अवसर पर लडक़े-लड़कियां अपने प्रिय साथी से चॉकलेट, कार्ड और फूल आदि उपहारों का आदान-प्रदान करते हैं। प्रणय निवेदन के लिए इस दिन का चयन वहां शायद इसीलिए किया गया है क्योंकि यह सेंट अंथोनी के दिन के ठीक पहले पड़ता है। सेंट अंथोनी को यहां विवाह के संत के रूप में जाना जाता है। कोलंबिया का डिया डेल एमॉर य ला एमिस्टाड कोलंबिया में सितंबर माह के तीसरे शुक्रवार और शनिवार को डिया डेल एमॉर य ला एमिस्टाड नामक त्योहार मनाया जाता है। इस देश में एमिगो सीक्रेटो यानी गोपनीय मित्रता का प्रचलन अभी भी काफी लोकप्रिय है। इस मौके पर यहां सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। जहां हर किसी के नाम से पुर्जियां डाली जाती हैं और जिसे जिसके नाम की पुर्जी मिल जाए, वह उसका मित्र होता है। जापान का चॉकलेट डे व कावाबात्ता जापान और कोरिया में वेलेंटाइन डे को ऐसे दिन के रूप में मनाया जाता है जब लड़कियां लडक़ों को चॉकलेट, कैंडी या फूल भेंट करती हैं। जापान में तो लड़कियों के लिए यह अनिवार्य समझा जाता है कि वे अपने सभी पुरुष सहकर्मियों को चॉकलेट भेंट करेंगी। जापानी में इसे गिरिचोको कहा जाता है। इसमें गिरि का अर्थ है अनिवार्यता और चोको का चॉकलेट। यह होनमेई चोको के विपरीत है, जिसका अर्थ प्रियतम को चॉकलेट देना होता है। इस अवसर पर यहां मित्र भी आपस में चॉकलेटों का आदान-प्रदान करते हैं। इनमें लड़कियां भी आपस में चॉकलेटों का आदान-प्रदान करती हैं और लडक़े भी ऐसा करते हैं। इसे टोमो चोको कहते हैं। टोमो का अर्थ मित्र होता है। यह 14 मार्च को मनाया जाता है। इसके अलावा एक और प्रेमोत्सव भी जापान में मनाया जाता है। इसे कावाबात्ता कहते हैं। दक्षिण कोरिया का पेपेरो दिवस दक्षिण कोरिया में हर साल 11 नवंबर को पेपेरो दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर युवा जोड़े एक-दूसरे को रूमानी चीजें भेंट करते हैं। चीन का द नाइट ऑफ सेवेंस चीनी संस्कृति में वेलेंटाइन डे के समानांतर एक पर्व है द नाइट ऑफ सेवेंस। लोककथा है कि चीन के चंद्र कैलेंडर के अनुसार सातवें महीने के सातवें दिन कॉउहर्ड और वीवर मेड की मुलाकात स्वर्ग में हुई थी। उनकी याद में यहां प्रेमी-प्रेमिका एक-दूसरे को बधाई देते हैं। वैसे यहां प्रेमी जोड़ों के लिए एक और त्योहार लैंटर्न फेस्टिवल भी है। यह पर्व चीनी नववर्ष समारोह के अंतिम दिन होता है, जो अकसर मार्च के पहले हफ्ते में ही पड़ता है। पुराने जमाने में यही एक दिन होता था जब कोई अविवाहित स्त्री अपने घर से अकेले बाहर निकल सकती थी। हालांकि उस वक्त भी वह परदे में होती थी और उसे कोई एक व्यक्ति ही देख सकता था। अब ये सब पाबंदियां तो नहीं रहीं, अलबत्ता रोमांस जरूर इस दिन पूरे देश में उछाल मारता दिखता है।

0 Comments:

नीलम